गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र के करमौनी पोस्ट साहदेवखाप गांव में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कुएं में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है। मृतकों में उस व्यक्ति का बेटा भी शामिल है, जो सबसे पहले कुएं में उतरा था।
जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति सीढ़ी के सहारे कुएं में पानी लेने या किसी काम से नीचे उतरा था। इसी दौरान वह पानी में डूब गया। उसे बचाने के लिए एक-एक कर तीन अन्य लोग भी कुएं में उतर गए। इनमें डूबे व्यक्ति का बेटा भी शामिल था। हालांकि, चारों लोग कुएं से बाहर नहीं निकल सके।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से कुएं में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। अब तक दो शवों को कुएं से बाहर निकाला जा चुका है, जबकि दो अन्य शव अभी अंदर फंसे हुए हैं। उन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य की निगरानी कर रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की ओर से घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
@MUSKAN KUMARI





