NEET पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में बिहार में छात्र आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (RYA) ने 25 जुलाई को बिहार बंद का आह्वान किया है। छात्र संगठन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पटना समेत राज्यभर में विरोध प्रदर्शन करेंगे। राजधानी पटना में शिक्षा मंत्री का पुतला दहन भी प्रस्तावित है।
छात्र संगठनों का आरोप है कि 22 जुलाई को लोकभवन मार्च के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई छात्र घायल हुए और कई छात्राओं को हिरासत में लिया गया। इसी के विरोध में 24 जुलाई को राज्यभर में ‘प्रतिरोध दिवस’ मनाया जा रहा है।

AISA ने अपनी प्रमुख मांगों में NEET पेपर लीक की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को समाप्त करना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 को वापस लेना, गिरफ्तार छात्रों की रिहाई, 7.5 CGPA की अनिवार्यता खत्म करना और प्रस्तावित उच्च शिक्षा विधेयक वापस लेने की मांग रखी है।
बढ़ते आंदोलन को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। सभी जिलों के एसपी को अलर्ट पर रहने और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन को आशंका है कि शुक्रवार और शनिवार को आंदोलन और उग्र हो सकता है।
@MUSKAN KUMARI






