केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपनी पार्टी के राष्ट्रीय विस्तार का बड़ा ऐलान किया है। हाजीपुर स्थित बिहार इंस्टीट्यूट ऑफ करेक्शनल एडमिनिस्ट्रेशन में आयोजित फ्लिपकार्ट के ‘समर्थ’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके साथ ही पंजाब में भी पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।
उत्तर प्रदेश में चुनावी रणनीति पर बोलते हुए चिराग पासवान ने ‘पंडित से लेकर पासवान’ का नारा दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग, जाति और समुदाय को साथ लेकर चलने की सोच है। उन्होंने दावा किया कि लोजपा (रामविलास) अब बिहार तक सीमित पार्टी नहीं रही, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रही है।
पंजाब में चुनावी अभियान की शुरुआत को लेकर उन्होंने बताया कि वह जल्द ही अमृतसर जाएंगे और स्वर्ण मंदिर (हरिमंदिर साहिब) में मत्था टेककर पार्टी के चुनाव अभियान का शुभारंभ करेंगे।

उत्तर प्रदेश के मौलाना जर्जिस के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने कहा कि किसी भी धर्म या आस्था को ठेस पहुंचाने वाली भाषा स्वीकार्य नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय ऐसे भड़काऊ बयान सामने आते हैं, लेकिन देश को इन विवादों में उलझने के बजाय ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य पर ध्यान देना चाहिए।
चिराग पासवान ने कहा कि लोजपा (रामविलास) का संगठन अब बिहार के अलावा झारखंड, नागालैंड, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे राज्यों तक फैल चुका है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड इकाई ने भी आगामी चुनाव लड़ने का प्रस्ताव भेजा है, जिस पर पार्टी विचार कर रही है।
इस दौरान उन्होंने बिहार के लिए एक बड़ी घोषणा भी की। चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही बिहार दौरे पर आएंगे और वैशाली में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (NIFTEM) का शिलान्यास करेंगे। उनके अनुसार, यह परियोजना बिहार में रोजगार और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को नई दिशा देगी।
@MUSKAN KUMARI





