मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पानापुर करियात थाना क्षेत्र के शेरूकाही चौक पर गुरुवार शाम हार्डवेयर व्यवसायी सुभाष ठाकुर को गोली मारने वाले आरोपियों को पुलिस ने ड्रोन तकनीक की मदद से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक महिला समेत तीन आरोपियों को वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार के साथ दबोच लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पानापुर करियात थाना पुलिस के साथ डीएसपी वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी मौके पर पहुंचीं। कुछ ही देर बाद ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि वारदात के बाद आरोपी पास के घने जंगल में जाकर छिप गए थे।
रात का अंधेरा और घना जंगल पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया। ऐसे में पुलिस ने अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक का सहारा लिया। ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे जंगल की निगरानी की गई और संदिग्धों की लोकेशन का पता लगाया गया।

ड्रोन से मिले सटीक इनपुट के आधार पर पुलिस ने जंगल को चारों ओर से घेर लिया। कुछ घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से गोलीकांड में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद किया गया।
डीएसपी वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि व्यवसायी को गोली मारने की सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकेबंदी कर दी थी। आरोपी घने जंगल में छिप गए थे, जहां अंधेरे के कारण तलाशी अभियान प्रभावित हो रहा था। इसके बाद ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया और तीनों आरोपियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
@MUSKAN KUMARI





