पटना में आज NDA की अहम बैठक, जिला-ब्लॉक स्तर पर समन्वय और विकास रणनीति पर होगा मंथन

पटना: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सरकारी आवास पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक से पहले जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि इस बार का उद्देश्य केवल चुनावी रणनीति तैयार करना नहीं, बल्कि जिला और ब्लॉक स्तर तक संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है।

संजय झा ने बताया कि बैठक में एनडीए के सभी पांच घटक दलों के जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता, बिहार सरकार के मंत्री और गठबंधन के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि समन्वय अब केवल पटना तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हर जिले और ब्लॉक स्तर तक मजबूत तालमेल स्थापित करना जरूरी है।

जनता की अपेक्षाओं और फीडबैक पर चर्चा

बैठक में चुनाव के बाद मिले फीडबैक की समीक्षा भी की जाएगी। जिलाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों की जमीनी स्थिति, विकास योजनाओं की प्रगति, जनता की अपेक्षाओं और स्थानीय समस्याओं की जानकारी देंगे। इन सुझावों के आधार पर आगामी योजनाओं और रणनीतियों को और प्रभावी बनाने पर विचार होगा। संजय झा ने कहा कि जमीनी फीडबैक के आधार पर तैयार की गई योजनाएं अधिक सफल होती हैं और उनका लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचता है।

सरकार-संगठन के बेहतर तालमेल पर जोर

बैठक में बिहार के आर्थिक विकास को गति देने, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा होगी। सरकार और संगठन के बीच ऐसा समन्वय विकसित करने पर जोर रहेगा, जिससे गांवों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे, स्थानीय समस्याओं का शीघ्र समाधान हो और रोजगार, आधारभूत संरचना तथा कृषि से जुड़े कार्यक्रमों को नई गति मिल सके।

Ad.
Ad.

विपक्ष पर साधा निशाना

संजय झा ने विपक्षी इंडिया गठबंधन पर भी हमला बोलते हुए कहा कि जिन दलों की स्पष्ट विचारधारा और जनता के प्रति प्रतिबद्धता नहीं होती, उनकी राजनीतिक स्थिति कमजोर हो जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन के दल अलग-अलग चुनाव लड़ते हैं और बाद में सत्ता के लिए साथ आते हैं, जिससे उनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं।

सीमावर्ती जिलों और डेमोग्राफी पर भी रहेगा फोकस

बैठक की पृष्ठभूमि में हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई गृह मंत्रालय की बैठक को भी अहम माना जा रहा है। उस बैठक में सीमावर्ती जिलों में सीमा सुरक्षा मजबूत करने, घुसपैठ और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा बदलती जनसांख्यिकीय स्थिति (डेमोग्राफी) पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए थे।

सूत्रों के अनुसार, पटना में होने वाली NDA बैठक में इन्हीं मुद्दों के अनुरूप सीमावर्ती और ग्रामीण जिलों में विकास कार्यों की गति तेज करने, योजनाओं की निगरानी, जिला स्तर से मिले फीडबैक की समीक्षा और सरकार-संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर विस्तार से चर्चा होगी। गठबंधन का लक्ष्य विकास, सुशासन और सुरक्षा के एजेंडे को जिला और ब्लॉक स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करना है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल