पटना: बिहार की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में शामिल बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर 13 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन को लेकर जन सुराज ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं और बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटने की संभावना जताई जा रही है।
देश के चर्चित चुनावी रणनीतिकार रहे प्रशांत किशोर ने कई राज्यों में चुनावी रणनीति तैयार करने के बाद बिहार में जन सुराज अभियान की शुरुआत की थी, जिसे बाद में राजनीतिक दल का रूप दिया गया। अब वह पहली बार स्वयं विधानसभा चुनाव लड़कर अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता की परीक्षा देंगे। जन सुराज के लिए यह उपचुनाव प्रतिष्ठा का प्रश्न माना जा रहा है।
बांकीपुर सीट पर इस बार मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने वरिष्ठ संगठनात्मक नेता अभिषेक कुमार ‘बंटी’ को उम्मीदवार बनाया है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। ऐसे में भाजपा, राजद और जन सुराज के बीच कड़ी चुनावी टक्कर देखने को मिल सकती है।

बांकीपुर विधानसभा सीट वर्ष 1995 से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। पिछले तीन दशकों से भाजपा इस सीट पर लगातार जीत दर्ज करती रही है। ऐसे में प्रशांत किशोर के सामने न केवल अपनी राजनीतिक ताकत साबित करने की चुनौती होगी, बल्कि भाजपा के लंबे समय से चले आ रहे विजय अभियान को रोकने की भी बड़ी परीक्षा होगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राजधानी पटना की यह हाई-प्रोफाइल सीट पूरे बिहार की राजनीति का केंद्र बन चुकी है। एक ओर भाजपा अपनी परंपरागत सीट बचाने की कोशिश में है, वहीं जन सुराज इस चुनाव को अपने राजनीतिक भविष्य के लिए अहम मान रही है। दूसरी ओर राजद भी चुनावी समीकरण बदलने की रणनीति के साथ मैदान में है। ऐसे में 13 जुलाई को होने वाला प्रशांत किशोर का नामांकन उपचुनाव अभियान को नई दिशा दे सकता है।
@MUSKAN KUMARI





