पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता विजय थलपति जल्द ही बिहार आकर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के समर्थन में चुनाव प्रचार कर सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक जन सुराज या विजय थलपति की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान विजय थलपति की चुनावी रणनीति तैयार करने में प्रशांत किशोर की अहम भूमिका रही थी। इसी कारण अब बांकीपुर उपचुनाव में उनके प्रचार के लिए विजय थलपति के पटना आने की संभावना जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है तो चुनावी मुकाबला और अधिक दिलचस्प हो सकता है।
इस बीच, बॉलीवुड अभिनेता और आसनसोल से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने भी प्रशांत किशोर के समर्थन में खुलकर अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लोगों, विशेषकर युवाओं से जाति, धर्म और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर प्रशांत किशोर के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने अपने संदेश का समापन “जय बिहार, जय हिंद” के साथ किया। उल्लेखनीय है कि उनके बेटे लव सिन्हा वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर इसी सीट से चुनाव लड़ चुके हैं।

उधर, भाजपा ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए अभिषेक कुमार ‘बंटी’ को उम्मीदवार बनाया है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। दूसरी ओर, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर स्वयं चुनाव लड़ रहे हैं।
ऐसे में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव अब त्रिकोणीय मुकाबले की ओर बढ़ता दिख रहा है। फिलहाल, राजनीतिक हलकों की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या विजय थलपति वास्तव में बिहार आकर प्रशांत किशोर के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे या नहीं।
@MUSKAN KUMARI





