मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी जिले के पलनवा थाना क्षेत्र में अज्ञात महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति, उसकी दूसरी पत्नी और एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पलनवा थाना कांड संख्या-132/2026 के अनुसंधान के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, 17 जून को अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पर पलनवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल, डीआईयू और अन्य तकनीकी टीमों की सहायता से साक्ष्य जुटाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
जांच में खुलासा हुआ कि मृतका के पति तपेश्वर सहनी ने नेपाल में लक्ष्मी देवी नाम की महिला से दूसरी शादी कर रखी थी। दूसरी शादी को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी दौरान दोनों पक्षों की मुलाकात तांत्रिक सिकंदर सहनी उर्फ भगत जी से हुई। पुलिस के मुताबिक, तांत्रिक ने विवाद सुलझाने के नाम पर दोनों पक्षों से 50-50 हजार रुपये की मांग की और बाद में एक सुनियोजित साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, तांत्रिक ने मृतका को नेपाल घुमाने और संपत्ति का मालिक बनाने का झांसा देकर मोतिहारी बुलाया। इसके बाद तांत्रिक, मृतका का पति और उसकी दूसरी पत्नी उसे लोकल ट्रेन से मोतिहारी से रक्सौल ले जा रहे थे। इसी दौरान मसना डीह हॉल्ट के पास उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस ने इस मामले में सिकंदर सहनी उर्फ भगत जी (46), तपेश्वर सहनी (58) और लक्ष्मी देवी (35) को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड के सफल उद्भेदन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद के नेतृत्व में गठित एसआईटी, अंचल निरीक्षक अनुज कुमार पाण्डेय, पलनवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, डीआईयू टीम और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
@MUSKAN KUMARI





