पटना: पटना के बेऊर थाना क्षेत्र में 30 मई को बाईपास किनारे मिले आनंद कुमार के शव मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। जांच में सामने आया है कि पारिवारिक जमीन विवाद के चलते शूटरों को सुपारी देकर आनंद कुमार की हत्या कराई गई थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) साकेत कुमार ने बताया कि 30 मई 2026 को बेऊर थाना क्षेत्र स्थित निदान अस्पताल वाली गली के पास एक शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान पैठानी नत्थुपुर निवासी आनंद कुमार के रूप में की। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों की शिकायत पर बेऊर थाना कांड संख्या 320/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फुलवारीशरीफ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान 4 जून को उमेश कुमार उर्फ सुटाली राय को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी ने छापेमारी कर राजीव कुमार, आदर्श कुमार उर्फ गोलू, रौशन कुमार और गौरी शंकर को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आनंद कुमार और भुटाली राय के बीच लंबे समय से पारिवारिक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आनंद कुमार की हत्या की साजिश रची गई और शूटरों को सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाया गया। पुलिस के अनुसार, हत्या को अंजाम देने वाले शूटर गोनू कुमार, प्रिंस कुमार और मयंक कुमार पहले से ही दीदारगंज थाना क्षेत्र के एक अन्य मामले में न्यायिक हिरासत में बंद हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और इस साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
@MUSKAN KUMARI





