कैमूर: बिहार के कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के केवढ़ी गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय गर्भवती महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई। मृतका की पहचान नंदू कुमार पाल की पत्नी रंजू कुमारी के रूप में हुई है। हादसे में महिला के गर्भ में पल रहे 8 माह के अजन्मे बच्चे की भी जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे रंजू कुमारी घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान ईंट और सीमेंट से बना पुराने मकान का छज्जा अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। हादसे के समय वह आठ माह की गर्भवती थीं और इसी महीने उनकी डिलीवरी होनी थी। रंजू अपने पीछे दो वर्ष का एक मासूम बेटा छोड़ गई हैं।
छज्जा गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल कुदरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ मां और अजन्मे बच्चे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

घटना की सूचना मिलने पर कुदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का तकनीकी आकलन किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर राजद नेता वीरेंद्र कुशवाहा भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवार को तत्काल उचित सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
@MUSKAN KUMARI






