पटना। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा है कि 21 जून को पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिनिधियों का बिहार की धरती पर स्वागत करते हुए कहा कि यह बैठक संगठन के लिए बेहद अहम साबित होगी।
उमेश कुशवाहा ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और उनकी अध्यक्षता में आयोजित होने वाली इस बैठक में पार्टी की आगामी रणनीति और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक में जेडीयू के सभी सांसद, विधायक और विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी बाद में मीडिया के माध्यम से साझा की जाएगी।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, सुबह 10:30 बजे राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होगी, जबकि 11:30 बजे लंच का आयोजन किया गया है। इसके बाद दोपहर 3 बजे से राष्ट्रीय परिषद की बैठक शुरू होगी, जिसमें कई अहम प्रस्तावों और भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।

इस दौरान जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता चाहता है कि निशांत कुमार आगे आएं और संगठन की जिम्मेदारी संभालें। कार्यकर्ताओं की भावना है कि वे सक्रिय राजनीति में भूमिका निभाते हुए पार्टी को और मजबूत करें।
हालांकि, निशांत कुमार की ओर से राजनीति में सक्रिय भूमिका को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में जेडीयू की इस महत्वपूर्ण बैठक और उससे निकलने वाले संकेतों पर राजनीतिक गलियारों की नजरें टिकी हुई हैं।
@MUSKAN KUMARI





