राजगीर: नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र स्थित झुनकिया बाबा मंदिर के समीप चोरी के आरोप में पकड़े गए दो युवकों की कथित तौर पर भीड़ द्वारा की गई पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार सुबह हुई इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
राजगीर के डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि झुनकिया बाबा मंदिर के पास दो व्यक्तियों को चोरी के आरोप में स्थानीय लोगों ने पकड़ रखा है। सूचना मिलते ही गश्ती दल मौके पर पहुंचा, जहां दोनों युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। पुलिस ने उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल राजगीर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर निवासी अमरदीप पासवान के 22 वर्षीय पुत्र पिंटू पासवान और नरेश पासवान के 22 वर्षीय पुत्र श्रवण कुमार के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवकों पर चोरी का संदेह होने के बाद उन्हें पकड़ लिया गया था। इसके बाद भीड़ ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में कितने लोग शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले में शामिल व्यक्तियों की पहचान की जा रही है।
दोनों युवकों की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने कहा कि कानून को अपने हाथ में लेने की किसी को अनुमति नहीं है। किसी व्यक्ति पर अपराध का संदेह होने पर उसकी सूचना पुलिस को देनी चाहिए। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने की बढ़ती प्रवृत्ति और उससे उत्पन्न होने वाले गंभीर परिणामों को लेकर सवाल खड़े करती है।
!MUSKAN KUMARI






