नवादा। जिले के रजौली वन विभाग ने पुरानी बस स्टैंड स्थित एक अवैध आरा मशीन पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान वन विभाग की टीम ने आरा मशीन, उसके कल-पुर्जों और जंगली लकड़ियों को जब्त कर वन परिसर कार्यालय पहुंचाया। हालांकि छापेमारी के दौरान आरा मशीन संचालक मौके से फरार हो गया।
रेंजर नारायण लाल सेवक ने बताया कि पुरानी बस स्टैंड में गुड्डू मिस्त्री अवैध रूप से आरा मशीन का संचालन कर रहा था। विभाग को सूचना मिली थी कि इस मशीन का इस्तेमाल जंगलों से काटी गई लकड़ियों की चिराई के लिए किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की एक टीम गठित कर छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान अवैध आरा मशीन को पूरी तरह जब्त कर लिया गया। इसके साथ ही मशीन के कल-पुर्जों और मौके पर रखी कुछ जंगली लकड़ियों को भी विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया। जब्त किए गए सभी सामान को वन परिसर कार्यालय लाया गया है। विभाग द्वारा लकड़ियों की प्रजाति और उनके स्रोत की जांच की जा रही है।
रेंजर के अनुसार, वनकर्मियों को देखते ही आरा मशीन संचालक गुड्डू मिस्त्री मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध आरा मशीनों के जरिए जंगलों की कटाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि अवैध लकड़ी कटाई या चिराई से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।
@MUSKAN KUMARI





