सुपौल में कोसी नदी में पलटी किसानों और मजदूरों से भरी नाव, चार की तबीयत बिगड़ी; बड़ा हादसा टला

सुपौल। जिले में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोसी नदी में किसानों और मजदूरों से भरी एक नाव अचानक पलट गई। यह हादसा भपटियाही थाना क्षेत्र के बनेनिया घाट के समीप हुआ, जहां करीब 15 से 20 लोग नाव पर सवार होकर नदी पार कर मूंग की फसल तोड़ने खेतों की ओर जा रहे थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से नाव गहरे पानी में समा गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव पलटते ही उसमें सवार लोग जान बचाने के लिए नदी में हाथ-पांव मारने लगे। कुछ लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि कई यात्रियों को स्थानीय तैराकों और ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए नदी से बाहर निकाला। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

हादसे में चार लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल भपटियाही के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, हालांकि डॉक्टर लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Ad.
Ad.

 

राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी यात्री के लापता होने या डूबने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और स्थानीय लोग यात्रियों की संख्या और उनकी स्थिति की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं, ताकि किसी भी आशंका को दूर किया जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी (सीओ) धीरज कुमार, थाना अध्यक्ष तथा प्रखंड प्रमुख मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली और बचाव कार्यों की समीक्षा की। सीओ धीरज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंच गया और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है।

कोसी नदी में हुए इस हादसे ने एक बार फिर नदी पार कर खेती करने वाले किसानों और मजदूरों की कठिनाइयों तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल