बिहार सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए बिहार पुलिस सेवा (BPS) के 8 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया है। गृह विभाग द्वारा 20 मई 2026 को जारी अधिसूचना के तहत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) और पुलिस उपाधीक्षक (DySP) स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार का कहना है कि इस फेरबदल का उद्देश्य जिला स्तर पर कानून व्यवस्था को मजबूत करना और प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाना है।
नई अधिसूचना के अनुसार, पटना सिटी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-II गौरव कुमार (2018 बैच) को स्थानांतरित कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-II सदर, पूर्णियाँ बनाया गया है। वहीं, बांका में साइबर क्राइम के पुलिस उपाधीक्षक अनुपेश नारायण (2022 बैच) को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, निर्मली (सुपौल) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह जहानाबाद में साइबर क्राइम के पुलिस उपाधीक्षक गोपाल कृष्ण (2018 बैच) को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मोहनिया (कैमूर) के पद पर पदस्थापित किया गया है।

अपराध अनुसंधान विभाग (CID), यातायात शाखा और आर्थिक अपराध इकाई (EOU) में भी बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। CID में तैनात विकास कुमार को विशेष कार्य बल (STF), बिहार, पटना में पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है। पूर्णियाँ यातायात के पुलिस उपाधीक्षक कौशल किशोर कमल को अपराध अनुसंधान विभाग भेजा गया है, जबकि रंजन कुमार सिंह को पूर्णियाँ का नया यातायात पुलिस उपाधीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा आर्थिक अपराध इकाई के सुरेश प्रसाद राम और अपराध अनुसंधान विभाग के कृष्ण कुमार गुप्ता को विशेष निगरानी इकाई, बिहार, पटना में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को पुलिस व्यवस्था में दक्षता बढ़ाने और विशेष इकाइयों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
@MUSKAN KUMARI






