बांका में शादी समारोह के बीच युवक ने खुद को लगाई आग, दुल्हन का जीजा गंभीर रूप से झुलसा

बांका: बिहार के बांका जिले में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब दुल्हन के जीजा ने सरेआम खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। यह सनसनीखेज घटना अमरपुर थाना क्षेत्र के बभनगामा गांव की बताई जा रही है, जहां शादी की खुशियां अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी में तब्दील हो गईं।

गंभीर रूप से झुलसे युवक की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है, जो रजौन थाना क्षेत्र के भदरार गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सूरज अपनी साली की शादी समारोह में शामिल होने बभनगामा पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, समारोह के दौरान उसने अचानक अपने शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। देखते ही देखते वह आग की लपटों में घिर गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे युवक को अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।

 

Ad.
Ad.

 

सूरज की पत्नी ने बताया कि उसका पति लंबे समय से पटना में रह रहा था और अचानक शादी समारोह में पहुंचा था। परिवार के मुताबिक, किसी प्रकार के विवाद की जानकारी नहीं थी और इस घटना ने सभी को सदमे में डाल दिया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर युवक ने शादी समारोह के बीच इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। फिलहाल पूरे गांव में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल