नालंदा में अपराधियों का तांडव: गोलीबारी में युवक की मौत, कट्टा और 8 कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार

नालंदा/दीपनगर। नालंदा जिले में अपराध की दो गंभीर घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी है। एक ओर दीपनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध आरोपी को अवैध देसी कट्टा और 8 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है, वहीं दूसरी ओर गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कंचनपुर के किचनीया पुल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के बाद दीपनगर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के बैरेटी गांव निवासी सत्येंद्र सिंह के 35 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और किसी संभावित वारदात की योजना के बारे में जानकारी जुटा रही है।

बाइक सवार बदमाशों ने युवक पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

दूसरी घटना में नया टोला मध्य विद्यालय के मैदान में चल रहे बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य को देखने पहुंचे विक्की मेहता की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब छह बजे विक्की मेहता बाइक से विद्यालय परिसर पहुंचे थे। काम देखने के बाद जब वह वापस लौट रहे थे, तभी नया टोला चौक के पास दो बाइक सवार अपराधियों ने उनकी बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी।

गोलीबारी से बचने के लिए विक्की मेहता पैदल भागने लगे। इसी दौरान चौक से करीब 100 मीटर आगे बाइक सवार दोनों अपराधियों ने उन्हें दोबारा घेर लिया और गोलियां बरसा दीं। ग्रामीणों के मुताबिक, गोली विक्की के सिर और शरीर के कई हिस्सों में लगी।

परिजन घायल विक्की मेहता को अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ पवन कुमार और पुनेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अपराधियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस की जांच के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और हमलावरों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।

Noida Desk
Author: Noida Desk

मुख्य संपादक (Editor in Chief)

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल