शुभेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या के कुछ घंटों बाद हिंसा, भाजपा ने कहा- ‘15 वर्षों के जंगल राज का परिणाम’
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पनिहाटी इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं पर देशी बम से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में कम से कम पांच भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार घटना गुरुवार देर रात पनिहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर-2 स्थित दत्ता रोड पर हुई।
बताया गया है कि कुछ भाजपा कार्यकर्ता इलाके में लोगों से बातचीत कर रहे थे, तभी बाइक पर सवार चार बदमाश मौके पर पहुंचे और लगातार तीन बम फेंककर फरार हो गए। विस्फोट में पांच कार्यकर्ता घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में आरजी कार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही खारदाह थाना पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे तथा इलाके में गश्त शुरू की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है।
यह हमला भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के लंबे समय से निजी सहायक रहे चंद्रनाथ रथ की हत्या के कुछ घंटों बाद हुआ है। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए शुभेंदु अधिकारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “पिछले 15 वर्षों से पश्चिम बंगाल में बदले की राजनीति चल रही है। यह महा जंगल राज का परिणाम है। खरदाह में बम विस्फोट और बसीरहाट में भाजपा कार्यकर्ताओं पर फायरिंग हुई है। हिंसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”
@MUSKAN KUMARI






