पटना:
बिहार में पुलिस महकमे से जुड़ा आय से अधिक संपत्ति का एक बड़ा मामला सामने आया है। किशनगंज नगर थाना के पूर्व थानाध्यक्ष Abhishek Kumar Ranjan बुधवार को आर्थिक अपराध इकाई (EOU) के दफ्तर में पेश हुए, जहां उनसे करीब सात घंटे तक लंबी पूछताछ की गई। इस दौरान अधिकारियों ने उनके कथित ब्लैक नेटवर्क, संदिग्ध लेन-देन और संपत्तियों के स्रोत को लेकर कई सवाल पूछे।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी ने उनके 17 साल के पुलिस करियर में अर्जित संपत्तियों पर विशेष फोकस किया है। आरोप है कि 2009 में दारोगा के रूप में सेवा शुरू करने वाले अभिषेक कुमार रंजन ने कुछ ही वर्षों में 50 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति खड़ी कर ली। EOU की शुरुआती जांच और छापेमारी में कई नामी और बेनामी संपत्तियों का पता चला है।

जांच में मुजफ्फरपुर के कांटी, पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग रोड और दिल्ली-एनसीआर तक फैली संपत्तियों की जानकारी सामने आई है। एजेंसी ने फ्लैट, महंगी जमीन और निवेश के स्रोत को लेकर भी पूछताछ की। बताया जा रहा है कि EOU ने पूछताछ के लिए 50 से अधिक सवालों की सूची तैयार की थी।
जांच एजेंसी के मुताबिक, पूर्व थानाध्यक्ष पर अपनी वैध आय से करीब 118 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। मामले में किशनगंज के तत्कालीन डीएसपी Gautam Kumar से संबंधों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल अभिषेक कुमार रंजन को निलंबित कर दिया गया है और EOU मामले की आगे जांच में जुटी है।
@MUSKAN KUMARI






