बैरकपुर रैली में पीएम मोदी का बड़ा दावा, बोले—‘बंगाल में इस बार बनेगी भाजपा सरकार’

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले प्रधानमंत्री Narendra Modi ने बैरकपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि यह चुनावी अभियान की उनकी अंतिम जनसभा है और 4 मई के बाद वह फिर बंगाल लौटेंगे।

रैली में ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 1857 की आजादी की पहली लड़ाई को ताकत देने वाली बैरकपुर की धरती आज एक बार फिर बदलाव की राह दिखा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में हर ओर एक ही आवाज सुनाई दे रही है—‘पलटनो दरकार, चाई बीजेपी सरकार’, जो जनता के बदलाव के मूड को दर्शाता है।

पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि चुनाव परिणाम आने के बाद पश्चिम बंगाल में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलेगा और नई सरकार का गठन होगा। उन्होंने कहा कि वह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए दोबारा राज्य का दौरा करेंगे।

अपने संबोधन में उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान मिले जनसमर्थन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रैलियों और रोड शो के दौरान लोगों द्वारा दिए गए पत्र, संदेश और चित्र उनके लिए बेहद खास हैं और वह समय निकालकर उन्हें पढ़ते हैं।

अपने लंबे राजनीतिक अनुभव को साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वह कई दशकों से देश की सेवा में लगातार सक्रिय हैं और पार्टी द्वारा सौंपी गई हर जिम्मेदारी को निभाते आए हैं। उन्होंने दोहराया कि देश की जनता ही उनका परिवार है और उनके बीच रहकर उन्हें संतोष मिलता है।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है और आज प्रचार का अंतिम दिन था। ऐसे में बैरकपुर की यह रैली चुनावी दृष्टि से काफी अहम मानी जा रही है।

@MUSKAN KUMARI

 

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल