सासाराम (रोहतास):
बिहार के Sasaram में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। दरिगांव थाना क्षेत्र के बभनगांवा गांव में शुक्रवार रात एक शख्स की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय दीपू साह उर्फ दीपू शाह के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दीपू साह पहले भी एक हत्या के मामले में आरोपी रह चुका था। करीब दो साल पहले जमीन और पैसों के विवाद में सरोज पासवान की हत्या हुई थी, जिसमें वह नामजद था। इस मामले में वह जेल में बंद था और करीब छह महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था।

घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की है। परिजनों के मुताबिक, दीपू साह घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमले में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक के परिजनों ने प्रिंस कुमार, राकेश कुमार, विंध्याचल कुमार, पप्पू पासवान और गुड्डू पासवान पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी बड़की करपूरवा गांव के रहने वाले हैं और पुरानी दुश्मनी के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी रोशन कुमार ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जिससे मामले के जल्द खुलासे की उम्मीद है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल गांव में तनाव बना हुआ है और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
@MUSKAN KUMARI






