नई दिल्ली,
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी की निर्मम हत्या के मामले में जांच के दौरान सामने आए तथ्यों ने पुलिस को भी चौंका दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में आरोपी राहुल मीणा का असामान्य रूप से शांत व्यवहार जांच एजेंसियों के लिए हैरानी का कारण बना हुआ है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी के चेहरे पर किसी तरह का पछतावा या घबराहट नजर नहीं आई। आमतौर पर ऐसे जघन्य अपराधों में आरोपी बेचैन दिखाई देते हैं, लेकिन इस मामले में उसका रवैया पूरी तरह सामान्य और लापरवाह बताया जा रहा है।
जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के बाद घर के अंदर फर्श पर हर जगह खून के धब्बे थे, जो हत्या की क्रूरता को बयां करते हैं। इसके बावजूद आरोपी बिना घबराए सामान्य अंदाज में बिल्डिंग से बाहर निकल गया। खुद को संदेह से दूर रखने के लिए उसने मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर दिया और बाहर जाते वक्त फोन पर बात करने का नाटक करता रहा।
पूछताछ के दौरान आरोपी का बयान भी चौंकाने वाला रहा। सूत्रों के अनुसार, उसने कहा—“चोरी करने का अफसोस नहीं है, पर मरना नहीं चाहिए था… हो गया।” इस कथन ने उसके मानसिक रवैये और अपराध के प्रति संवेदनहीनता को उजागर किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे की पूरी साजिश क्या थी। साथ ही आरोपी के व्यवहार को देखते हुए उसके मनोवैज्ञानिक पहलुओं की भी जांच की संभावना जताई जा रही है।
@MUSKAN KUMARI






