पटना/नालंदा:
पप्पू यादव शुक्रवार को पटना पहुंचने के बाद नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र स्थित ढीबरापर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में हुई शर्मनाक घटना की पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और ₹50,000 की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
गौरतलब है कि ढीबरापर गांव में एक महिला के साथ कुछ लोगों द्वारा छेड़खानी और गैंगरेप की कोशिश की घटना सामने आई थी, जिसके बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
“बिहार की छवि हुई धूमिल”
पप्पू यादव ने घटना को बेहद शर्मनाक और चिंताजनक बताते हुए कहा कि इससे नालंदा और पूरे बिहार की छवि धूमिल हुई है। उन्होंने कहा कि यह घटना समाज में बढ़ती वहशी मानसिकता को उजागर करती है।
उन्होंने पीड़िता के पति से अपील की कि वे बिहार में ही रहकर रोजगार करें और मजदूरी के लिए बाहर जाने की मजबूरी न हो।
स्पीडी ट्रायल और सख्त सजा की मांग
सांसद ने कहा कि वे शासन और प्रशासन से मांग करेंगे कि दोषियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ चुका है कि वे अपने कृत्यों का वीडियो बनाकर वायरल करने से भी नहीं डरते।
समाज की सोच पर उठाए सवाल
पप्पू यादव ने समाज की संवेदनहीनता पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं में अक्सर पीड़िता के चरित्र पर सवाल खड़े किए जाते हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को सजा दिलाने के लिए समाज और प्रशासन दोनों को मिलकर आगे आना होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं है और समाज को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
@MUSKAN KUMARI






