मालदा में मतदाता सूची विवाद पर बवाल, NH-12 जाम; विरोध के बीच आज ममता बनर्जी की रैली

मालदा जिले में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के विरोध में गुरुवार को फिर से उग्र प्रदर्शन शुरू हो गया। पुराने मालदा ब्लॉक के मंगलबाड़ी इलाके में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-12 को जाम कर दिया। गुस्साए लोगों ने टायर जलाकर और बांस लगाकर सड़क को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वैध दस्तावेज होने के बावजूद उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। बुधवार को कालियाचक में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद अब यह आंदोलन नए इलाकों में फैलता नजर आ रहा है।

स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल और केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CAPF) के जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में चौकियां स्थापित कर दी हैं और खुफिया एजेंसियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

बुधवार को हालात उस वक्त और बिगड़ गए थे, जब प्रदर्शनकारियों ने सात न्यायिक अधिकारियों को घेरकर बंधक बना लिया था। करीब नौ घंटे तक चले इस घेराव के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर सभी अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान काफिले पर हमले की भी कोशिश की गई थी।

इसी बीच आज जिले के बैष्णवनगर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की चुनावी रैली प्रस्तावित है। ऐसे में प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया है कि जिन लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं, उनकी जल्द समीक्षा कर पुनः शामिल करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद कुछ स्थानों पर जाम हटाया गया, लेकिन इलाके में तनाव अभी भी बना हुआ है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल