गुवाहाटी/धेमाजी।
प्रधानमंत्री Narendra Modi बुधवार को असम दौरे पर रहे, जहां उन्होंने चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए दो बड़ी जनसभाओं को संबोधित किया। सुबह 11 बजे धेमाजी जिले के गोगामुख में पहली रैली में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार रनोज पेगू और नबा कुमार डोले के समर्थन में जनता से वोट मांगे। इसके बाद वे विश्वनाथ जिले के बेहाली के लिए रवाना हुए, जहां दोपहर 1 बजे दूसरी जनसभा निर्धारित है, जिसमें वे उम्मीदवार पल्लव लोचन दास के पक्ष में प्रचार करेंगे।
रैलियों के मद्देनजर पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता व राज्य सरकार के मंत्री भी कार्यक्रमों में मौजूद हैं।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी डिब्रूगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने चाय बागान में काम करने वाली महिला श्रमिकों से मुलाकात की। अपने अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि “चाय असम की आत्मा है” और यहां की मेहनतकश महिलाओं से बातचीत उनके लिए यादगार रही।
गोगामुख में पहली रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि असम चुनाव की घोषणा के बाद यह उनकी पहली जनसभा है और भारी भीड़ भाजपा-एनडीए की लगातार तीसरी जीत का संकेत है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से केंद्र में तीसरी बार सरकार बनी है और अब असम में भी जीत की हैट्रिक लगेगी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष की तीसरी हार तय है और “राजकुमार” हार का शतक लगाएंगे। साथ ही उन्होंने राज्य में पिछले 10 वर्षों में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए Sarbananda Sonowal और Himanta Biswa Sarma के नेतृत्व का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब तक 22 लाख परिवारों को पक्के घर दिए जा चुके हैं और आने वाले समय में 15 लाख और परिवारों को आवास उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि गरीब बच्चों को बालवाड़ी से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि ‘लखपति दीदी’ अभियान के तहत तीन लाख महिलाएं ‘लखपति बाईदेव’ बन चुकी हैं। एनडीए सरकार का लक्ष्य अब 40 लाख महिलाओं को इस योजना से जोड़ना है। साथ ही ‘ओरुनोदोई’ योजना का विस्तार कर अधिक लाभ देने की बात भी उन्होंने कही।
@MUSKAN KUMARI







