किरण रिजिजू और सुकांत मजूमदार की मौजूदगी में शामिल हुए; बोले—अब युवाओं की सेवा का समय
भारतीय टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले उनका यह कदम राजनीतिक गलियारों में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। उनके पार्टी में शामिल होने को भाजपा के लिए एक रणनीतिक बढ़त के तौर पर देखा जा रहा है।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और भाजपा नेता सुकांत मजूमदार भी मौजूद रहे। रिजिजू ने पेस के पार्टी में शामिल होने को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में खेल और खिलाड़ियों को अभूतपूर्व प्रोत्साहन मिला है।
वहीं पेस ने इसे अपने जीवन का अहम मोड़ बताते हुए कहा, “यह मेरे जीवन का बहुत बड़ा दिन है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और नितिन नबीन जी का धन्यवाद करता हूं। अब मैं युवाओं की सेवा के लिए काम करूंगा।”
भारत के लिए ओलंपिक पदक और कई ग्रैंड स्लैम जीत चुके पेस ने कहा कि उन्होंने 40 वर्षों तक देश का प्रतिनिधित्व किया है और अब समाज को वापस देने का समय है। उन्होंने केंद्र सरकार की खेल योजनाओं—‘खेलो इंडिया’ और ‘टॉप्स स्कीम’—की सराहना करते हुए कहा कि इनसे खिलाड़ियों को नई ऊर्जा मिली है।
पेस ने पश्चिम बंगाल में खेल सुविधाओं की कमी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य में आज भी इंडोर टेनिस कोर्ट की कमी है और आने वाले 20-25 वर्षों में स्पोर्ट्स एजुकेशन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए समान अवसर वाली स्कॉलरशिप शुरू करने की भी वकालत की।
भाजपा को उम्मीद है कि पेस की लोकप्रियता से खासकर युवा और खेल प्रेमी मतदाताओं पर सकारात्मक असर पड़ेगा। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह चुनाव लड़ेंगे या नहीं, लेकिन चुनाव प्रचार में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।
गौरतलब है कि पेस का जन्म कोलकाता में हुआ था। उनके पिता वेस पेस 1972 म्यूनिख ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता रहे थे, जबकि उनकी मां जेनिफर पेस ने भारतीय बास्केटबॉल टीम का नेतृत्व किया था। पिछले वर्ष उनके पिता का 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।
@MUSKAN KUMARI







