राष्ट्रपति दौरे के बीच बिहार शरीफ में बड़ा हादसा, अफवाह से मची भगदड़; मुख्यमंत्री ने 6 लाख मुआवजे का किया ऐलान
बिहार के नालंदा जिले से मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बिहार शरीफ के मघड़ा स्थित माता शीतला मंदिर में भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। इस हादसे में 9 महिला श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल बिहार शरीफ के मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, चैत माह के अंतिम मंगलवार के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। इसी दौरान अचानक किसी अफवाह के फैलने से अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति बन गई। भीड़ के दबाव में कई लोग गिर पड़े और एक-दूसरे पर चढ़ते चले गए, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
घटना के बाद मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। मृतकों में दयावंती देवी, मालो देवी, किरता देवी, रीता देवी, आशा देवी और रेखा देवी की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य तीन की पहचान की जा रही है।
इस बीच, द्रौपदी मुर्मु के नालंदा दौरे के चलते प्रशासनिक अमला पहले से ही व्यस्त था, जिससे घटना ने और गंभीर रूप ले लिया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को कुल 6 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
@MUSKAN KUMARI







