बरेली में निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री का धरना, डीएम से सवाल—‘मुझे पागल पंडित किसने कहा?’

बरेली में नए यूजीसी नियमों के विरोध को लेकर निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को वे कलेक्ट्रेट कार्यालय के गेट पर धरने पर बैठ गए और जिला मजिस्ट्रेट से सीधा सवाल किया कि उन्हें फोन पर ‘पागल पंडित’ कहने वाला व्यक्ति कौन था। अग्निहोत्री ने स्पष्ट किया कि जब तक उस व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं किया जाएगा, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।

अलंकार अग्निहोत्री का कहना है कि देर शाम एक बैठक के दौरान फोन पर उनके लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे उनकी गरिमा को ठेस पहुंची है। उन्होंने इसे प्रशासनिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की है। धरने के दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे।

धरने से पहले उनके सरकारी आवास पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। आवास परिसर के सभी गेट बंद कर दिए गए थे और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। इस पर अलंकार अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि उन्हें ‘हाउस अरेस्ट’ किया गया है। हालांकि, इसके बावजूद वे समर्थकों के साथ जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचने में सफल रहे।

कलेक्ट्रेट गेट पर धरने के चलते प्रशासनिक हलकों में हलचल मची हुई है। मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। वहीं, यूजीसी के नए नियमों को लेकर चल रहा विरोध अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल