पटना जिले के पंचमहला थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस ने कुख्यात सोनू और मोनू के पिता एवं पेशे से अधिवक्ता प्रमोद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। प्रमोद सिंह लंबे समय से फरार चल रहे थे और पंचमहला थाना कांड संख्या 27/2026 में नामजद आरोपी हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रमोद सिंह पर आरोप है कि उन्होंने 15-20 लोगों के साथ मिलकर पुलिस द्वारा जब्त की गई एक बाइक को जबरन छुड़ा लिया था। घटना के बाद से वह फरार थे। शुक्रवार को उनके घर पर मौजूद होने की सूचना मिलने पर एसडीपीओ रामकृष्ण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उनके निजी आवास पर छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में सर्किल इंस्पेक्टर राजीव कुमार, मरांची थानाध्यक्ष रौशन कुमार, हाथीदह थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह, मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार और पंचमहला थानाध्यक्ष बिनोद कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।

अनंत सिंह से अदावत के कारण चर्चा में रहे हैं सोनू-मोनू
प्रमोद सिंह के बेटे सोनू और मोनू का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों कई गंभीर मामलों में नामजद आरोपी हैं और मोकामा के पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह के साथ उनकी पुरानी दुश्मनी रही है। दोनों गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई को लेकर क्षेत्र में कई बार तनाव की स्थिति बनी है।
पिछले वर्ष हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
पिछले वर्ष अनंत सिंह गुट और सोनू-मोनू गुट के बीच वर्चस्व को लेकर हुई हिंसक झड़प में दोनों पक्षों की ओर से कई राउंड फायरिंग हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनंत सिंह के साथ-साथ सोनू और मोनू को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
प्रमोद सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। साथ ही किसी भी संभावित तनाव या विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
@MUSKAN KUMARI





