नई दिल्ली: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान जनता दल (यू) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा तथा केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी मौजूद रहे। इस मुलाकात को औपचारिक और शिष्टाचार भेंट बताया गया, जिसमें समसामयिक विषयों पर संक्षिप्त चर्चा हुई।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब हाल ही में हुए बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों ने बिहार की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। एनडीए की प्रतिष्ठित मानी जाने वाली इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी को अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा।
उपचुनाव में जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 मतों से हराकर जीत दर्ज की। प्रशांत किशोर को 64,117 वोट (49.23 प्रतिशत) मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार को 44,794 वोट (34.40 प्रतिशत) प्राप्त हुए। वहीं, राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता 14,263 वोट (10.95 प्रतिशत) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

चुनाव परिणाम के बाद एनडीए में हार के कारणों की समीक्षा शुरू हो गई है। जदयू और भाजपा दोनों ने नतीजों का विश्लेषण करने की बात कही है, जबकि विपक्ष इसे लेकर लगातार सरकार पर निशाना साध रहा है। ऐसे राजनीतिक माहौल में संसद भवन में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की यह मुलाकात सियासी गलियारों में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
@MUSKAN KUMARI






