Greater Noida News: स्कॉर्पियो-N के चारों टायर चोरी, ईंट-पत्थरों पर खड़ी कर गए चोर; CCTV में कैद वारदात
ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश: ग्रेटर नोएडा में वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीटा-2 थाना क्षेत्र के सेक्टर सिग्मा-3 में चोरों ने घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो-N को निशाना बनाया। देर रात पहुंचे चोर गाड़ी के चारों टायर खोलकर ले गए। इसके बाद स्कॉर्पियो को ईंट और पत्थरों के सहारे खड़ा कर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
सुबह उठे तो गायब मिले चारों टायर
जानकारी के मुताबिक, विकास राय अपने परिवार के साथ ग्रेटर नोएडा के सेक्टर सिग्मा-3 में रहते हैं। उन्होंने शाम को अपनी स्कॉर्पियो-N घर के बाहर खड़ी की थी और रात में सोने चले गए।
सुबह जब वह घर से बाहर निकले तो गाड़ी के चारों टायर गायब देखकर हैरान रह गए। चोरों ने गाड़ी को ईंट और पत्थरों के सहारे खड़ा कर दिया था।
रात 2:30 बजे पहुंचे थे चोर
विकास राय ने घर में लगे CCTV कैमरे की फुटेज चेक की। फुटेज में रात करीब 2:30 बजे कुछ लोग गाड़ी के चारों टायर खोलते हुए दिखाई दिए। टायर निकालने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में ली
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर में लगे CCTV कैमरे की फुटेज अपने कब्जे में ली है। इसके अलावा आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
ग्रेटर नोएडा में इस तरह वाहन के चारों टायर चोरी होने की घटना ने वाहन मालिकों की चिंता बढ़ा दी है।
एशियन टाइम्स | ग्रेटर नोएडा
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)





