उत्तर प्रदेश की राजधानी Lucknow में UPSC की तैयारी कर रही जौनपुर की एक युवती के साथ कथित गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती को तीन दिनों तक एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया गया। पीड़िता की शिकायत पर Delhi में FIR दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, युवती दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी कर रही थी और एक निजी कॉलेज से बीए ऑनर्स सेकेंड ईयर की छात्रा है। 15 मई को वह सुहेलदेव एक्सप्रेस से दिल्ली लौट रही थी। इसी दौरान उसका दोस्त शिवम यादव Lucknow के चारबाग रेलवे स्टेशन पर उससे मिलने पहुंचा और बातचीत के बाद उसे सुशांत गोल्फ सिटी इलाके स्थित अपने कमरे पर ले गया।
पीड़िता का आरोप है कि कमरे पर कॉफी पीने के बाद उसे नशा जैसा महसूस होने लगा, जिसके बाद आरोपी शिवम यादव ने उसके साथ जबरदस्ती की। अगले दिन आरोपी का दोस्त शनि यादव भी कमरे पर पहुंचा और उसने भी दुष्कर्म किया। तीसरे दिन एक अन्य युवक के आने के बाद तीनों ने मिलकर बारी-बारी से उसके साथ गैंगरेप किया।
पीड़िता ने बताया कि लगातार तीन दिनों तक शारीरिक शोषण के कारण उसकी हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद आरोपी उसे कैब से चारबाग स्टेशन ले गए और सुहेलदेव एक्सप्रेस में बैठाकर दिल्ली भेज दिया। रास्ते में बरेली पहुंचने पर युवती ने अपने पिता को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद परिजनों ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क किया, जिसके बाद GRP ने कार्रवाई की। मामला दिल्ली के आनंद विहार थाने पहुंचा, जहां पीड़िता के बयान के आधार पर FIR दर्ज की गई।
पीड़िता के पिता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उनकी बेटी मानसिक रूप से टूट चुकी है और अब सिर्फ न्याय चाहिए। उन्होंने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग भी उठाई है।
@MUSKAN KUMARI





