रोहतास: बिहार के रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। मजदूरी के दौरान हुए विवाद में कथित तौर पर एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को पास की नहर में फेंक दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर में आग लगा दी, जिससे कई वाहन और अन्य सामान जलकर राख हो गए।
जानकारी के अनुसार, मिल्की मनिहारी गांव निवासी मजदूर जनेश्वर चौधरी जोगिया गांव के रहने वाले अजीत तिवारी के यहां मजदूरी करने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में अजीत तिवारी ने फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली जनेश्वर चौधरी को लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने शव को नहर में फेंक दिया और फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने आरोपी के घर पर हमला कर आग लगा दी। आग की चपेट में तीन ट्रैक्टर, एक हार्वेस्टर और भूसा रखने की झोपड़ी जलकर नष्ट हो गई। घटना के दौरान आरोपी के परिजनों ने खुद को घर के एक कमरे में बंद कर किसी तरह जान बचाई।

घटना की जानकारी मिलते ही रोहतास के एसपी रौशन कुमार और बिक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात पर काबू पाया और नहर में फेंके गए शव की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से शराब की खाली बोतलें बरामद की हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शराब के नशे में वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका की भी जांच की जा रही है।
@MUSKAN KUMARI





