पटना। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता Mangal Pandey ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा 19वें रोजगार मेले में देशभर के 47 केंद्रों पर 51 हजार से अधिक युवाओं को एक साथ नियुक्ति पत्र सौंपना ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों में चयनित युवा न केवल अपने परिवार, बल्कि राष्ट्र निर्माण के भी सारथी बनेंगे।
श्री पांडेय ने कहा कि मोदी सरकार ने बीते वर्षों में मिशन मोड में लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां देकर यह साबित किया है कि पारदर्शिता और योग्यता ही सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अब न सिफारिश और न भ्रष्टाचार, बल्कि केवल मेरिट के आधार पर युवाओं को अवसर मिल रहे हैं। यह ‘नौकरी के नाम पर ठगी’ की पुरानी संस्कृति को समाप्त कर ‘भरोसे की नई संस्कृति’ की स्थापना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सही कहा है कि भारत की वैश्विक साझेदारियां युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोल रही हैं। नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे, यूएई और इटली के साथ तकनीक, ऊर्जा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रक्षा क्षेत्रों में हुए समझौते भारत को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग और इनोवेशन हब बना रहे हैं।
श्री पांडेय ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में भी बड़ी संख्या में नियुक्तियां हुई हैं। कोविड के बाद मोदी सरकार ने स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर और मैनपावर दोनों पर अभूतपूर्व निवेश किया है। नए एम्स, मेडिकल कॉलेज और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में युवाओं को सेवा का अवसर मिलना ‘स्वस्थ भारत, सशक्त भारत’ की गारंटी है।
@MUSKAN KUMARI





