पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर तस्करों की कार को घेराबंदी कर पकड़ा। बरामद गांजा की खेप ढाका के रास्ते चकिया पहुंचाई जानी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कस दिया।
जानकारी के अनुसार, सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कुण्डवा चैनपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर से एक वैगन-आर कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर चकिया की ओर रवाना होने वाले हैं। सूचना मिलते ही उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की गई।
बसंत चौक के पास पुलिस ने जैसे ही संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया, चालक वाहन मोड़कर तेज रफ्तार से भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने पीछा करते हुए बरवा खुर्द सैनिक रोड पर घेराबंदी कर कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से 54 किलो गांजा, 3 मोबाइल फोन, ₹10,800 नकद और तस्करी में प्रयुक्त वैगन-आर कार बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश कुमार (गंगा सिरसिया, थाना चकिया, पूर्वी चंपारण) और संजय कुमार तिवारी (देवरिया, जिला मुजफ्फरपुर) के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि उन्होंने बसंतपुर निवासी विनोद मुखिया से गांजा लिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विनोद मुखिया को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सके।
इस कार्रवाई में सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार, घोड़ासहन सर्किल इंस्पेक्टर धनंजय कुमार निर्दोष, कुण्डवा चैनपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार, अपर थानाध्यक्ष रमेंद्र कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी शामिल रहे। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
@MUSKAN KUMARI





