मुजफ्फरपुर। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करों का नेटवर्क लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 15 लाख रुपये मूल्य की 150 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में कुख्यात कारोबारी सुनील सहनी को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि छापेमारी से पहले वह लाखों रुपये की शराब की खेप विभिन्न इलाकों में सप्लाई भी कर चुका था।
जानकारी के अनुसार, मोतीपुर थाना क्षेत्र के नरियार गांव में एक मकान को गुप्त गोदाम बनाकर बड़े पैमाने पर शराब का अवैध कारोबार चलाए जाने की सूचना उत्पाद विभाग को मिली थी। इसके बाद उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह, इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार और एसआई नीरज कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान भूसा रखने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले एक मकान से भारी मात्रा में विदेशी शराब का जखीरा बरामद किया गया। तलाशी के दौरान 150 कार्टन विदेशी शराब जब्त की गई। मौके से शराब तस्करी के सरगना माने जा रहे सुनील सहनी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी का नेटवर्क केवल मुजफ्फरपुर तक सीमित नहीं था, बल्कि पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) तक फैला हुआ था। आरोप है कि वह बड़े पैमाने पर शराब की खेप मंगाकर विभिन्न जिलों में उसकी सप्लाई करता था।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और नेटवर्क से जुड़े अन्य कारोबारियों तथा सप्लायरों की पहचान की जा रही है। विभाग का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि एक गांव में इतने बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध कारोबार की जानकारी स्थानीय स्तर पर क्यों नहीं मिल सकी। फिलहाल उत्पाद विभाग पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा हुआ है और शराब तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।
@MUSKAN KUMARI





