बिहार के मुजफ्फरपुर में एक बार फिर गैंगवार की खूनी कहानी सामने आई है। मिठनपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम शंभू-मंटू गिरोह के कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। ताबड़तोड़ फायरिंग में गोविंद शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना छोटी कल्याणी से अमर सिनेमा हॉल जाने वाली सड़क स्थित आईकॉन टावर प्लाजा की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो नकाबपोश अपराधी अचानक अपार्टमेंट परिसर में पहुंचे और गोविंद शर्मा को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक गोविंद शर्मा का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह शंभू-मंटू गिरोह का सक्रिय सदस्य और शार्प शूटर माना जाता था। शहर के चर्चित पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड और व्यवसायी आशुतोष शाही हत्याकांड में भी उसका नाम सामने आया था। पिछले वर्ष उसे अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था, हालांकि हाल ही में वह जमानत पर जेल से बाहर आया था।
पुलिस फिलहाल गैंगवार, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए शहर में नाकेबंदी कर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित मुजफ्फरपुर दौरे से ठीक पहले हुई इस वारदात ने जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI





