पटना के मनेर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार की देर शाम महिनावा बगीचा के समीप एक खेत से 30 वर्षीय युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान महिनावा बाजार निवासी प्रेमनाथ साव के पुत्र विकास साव के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, मृतक के चेहरे और सीने पर तेजाब या किसी अन्य केमिकल से जलाए जाने जैसे निशान मिले हैं। शरीर के कई हिस्सों पर गहरे जख्म के निशान भी बताए जा रहे हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि विकास की रंजिश के चलते बेरहमी से हत्या की गई और पहचान छिपाने तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाकर खेत में फेंक दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों और कथित रूप से इस्तेमाल किए गए केमिकल के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच और संदिग्धों की पहचान में जुटी है।
@MUSKAN KUMARI






