आरा। भोजपुर जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 साल की बच्ची की मौत हो गई। घटना आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर चरपोखरी थाना क्षेत्र के बड़हरा गांव के पास हुई, जहां सड़क पार कर रही बच्ची को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृत बच्ची की पहचान बड़हरा गांव निवासी सुमन कुमार की 8 वर्षीय बेटी सुधा कुमारी के रूप में हुई है। वह गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पांचवीं कक्षा की छात्रा थी।
परिजनों के अनुसार, सुधा सोमवार सुबह स्कूल गई थी। दोपहर में लंच के दौरान वह खाना खाने के लिए घर लौट रही थी। इसी दौरान बड़हरा गांव के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बच्ची को इलाज के लिए चरपोखरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए आरा सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि सुधा अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और परिवार की बेहद लाडली थी। परिवार में मां रिंकी देवी, छोटा भाई आर्यन कुमार और एक छोटी बहन है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
@MUSKAN KUMARI






