पटना। राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में पड़ रही अत्यधिक गर्मी और भीषण लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। पटना के जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने जिले में बढ़ते तापमान और दोपहर के समय पड़ रही तेज गर्मी के मद्देनजर कक्षा 8 तक के सभी निजी और सरकारी विद्यालयों को बंद करने का आदेश जारी किया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि अत्यधिक गर्मी बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है, इसलिए एहतियातन यह कदम उठाया गया है।
आदेश के तहत पटना जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, प्ले-स्कूल, नर्सरी और प्री-स्कूल समेत कक्षा 8 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। इस दौरान इन कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए स्कूल आना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

अधिकारिक पत्र (ज्ञापांक-8706/विधि पटना) के अनुसार यह आदेश 22 जून 2026 से 27 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा। जिलाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि वे अपनी शैक्षणिक गतिविधियों को इसी के अनुरूप पुनर्निर्धारित करें और निर्धारित अवधि से पहले कक्षाओं का संचालन न करें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले किसी भी सरकारी या निजी विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
@MUSKAN KUMARI





