भोजपुर: चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले ने अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर व्यापक चर्चा का रूप ले लिया है। कथित पुलिस मुठभेड़ में भरत तिवारी की मौत के बाद जहां परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं, वहीं जनप्रतिनिधियों और चर्चित हस्तियों का उनके घर पहुंचने का सिलसिला भी तेज हो गया है।
इसी क्रम में गोपालगंज जिले के कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र से विधायक अमरेन्द्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय बिलौटी गांव पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में वह उनके साथ खड़े हैं। विधायक ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने ग्रामीणों और समर्थकों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार पूरे घटनाक्रम पर गंभीरता से नजर रख रही है और न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से सच्चाई सामने आएगी।
वहीं भोजपुरी अभिनेता-गायक पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह भी मंगलवार को बिलौटी गांव पहुंचीं। उन्होंने भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

परिजनों से बातचीत के दौरान ज्योति सिंह ने कहा कि इस मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए। यदि किसी प्रकार की नाइंसाफी हुई है तो दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है।
लगातार बढ़ते जनसमर्थन, राजनीतिक सक्रियता और चर्चित हस्तियों की मौजूदगी के कारण भरत तिवारी एनकाउंटर मामला और अधिक संवेदनशील बनता जा रहा है। फिलहाल लोगों की निगाहें न्यायिक जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं, जबकि परिजन निष्पक्ष जांच की मांग पर कायम हैं।
@MUSKAN KUMARI






