Begusarai में अपराध की बड़ी वारदात सामने आई है। नेशनल हाईवे-31 पर दो गुटों के बीच खूनी गैंगवार से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना जेल गेट के पास से शुरू होकर महमदपुर तक फैल गई, जहां बदमाशों ने जमकर मारपीट और फायरिंग की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक युवक को बीच सड़क पर घेरकर बेरहमी से पीटा गया। इसी दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से एनएच-31 पर भगदड़ जैसे हालात बन गए और लोग जान बचाकर भागने लगे।
घायल युवक ने बताया कि वह काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी डीपीएस के पास पहले से घात लगाए बैठे दूसरे गुट के युवकों ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों गुटों के बीच करीब 10 दिन पहले भी विवाद हुआ था, जिसे पुलिस ने शांत कराया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वारदात में इस्तेमाल एक वाहन भी बरामद हुआ है।
घायल युवक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
@MUSKAN KUMARI





