बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही के कुल 4128 पदों पर भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख घोषित कर दी है। अभ्यर्थी 1 जून से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार केंद्रीय चयन पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपना रजिस्ट्रेशन नंबर अथवा आवेदन के समय दर्ज मोबाइल नंबर और जन्म तिथि का उपयोग करना होगा।
इस भर्ती अभियान के तहत मद्य निषेध सिपाही के 1603 पद, कक्षपाल के 2417 पद तथा चलंत दस्ता सिपाही के 108 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। भर्ती परीक्षा 14 जून और 17 जून को आयोजित होगी। दोनों दिनों में परीक्षा दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा बिहार के सभी 38 जिलों में निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

वहीं, बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर भी अभ्यर्थियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोग द्वारा 1189 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसके लिए प्रारंभिक परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित होगी।
बीपीएससी के अनुसार, शुक्रवार तक करीब 3 लाख अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित है। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सबसे अधिक 365 पद राजस्व अधिकारी एवं समकक्ष पदों के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा सहकारिता प्रसार पदाधिकारी के 130 पद, अनुमंडल संरक्षण पदाधिकारी के 101 पद तथा अनुमंडल पदाधिकारी एवं वरीय उपसमाहर्ता के 100 पद शामिल हैं। अन्य विभागों में भी विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह महत्वपूर्ण समय है। ऐसे में उम्मीदवारों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के साथ-साथ परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप देने की सलाह दी जा रही है।
@MUSKAN KUMARI





