बिहार सरकार ने फार्मास्युटिकल क्षेत्र को मजबूत बनाने और दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए बड़ी पहल की है। राजधानी पटना में अत्याधुनिक ड्रग टेस्टिंग लेबोरेटरी एवं एनालिटिकल डेवलपमेंट फैसिलिटी (ADF) स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस परियोजना को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
मंगलवार को हुई बैठक की अध्यक्षता बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि समेत विभाग और NIPER हाजीपुर के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान प्रस्तावित लैब की स्थापना, आधारभूत ढांचे, तकनीकी क्षमता, बजट और संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

परियोजना में NIPER हाजीपुर की तकनीकी विशेषज्ञता का भी उपयोग किया जाएगा। इसके तहत फार्मेसी विद्यार्थियों, उद्योग से जुड़े पेशेवरों और तकनीकी कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रम चलाए जाने की योजना है।

एनालिटिकल डेवलपमेंट फैसिलिटी के जरिए दवाओं की गुणवत्ता जांच के साथ-साथ नई दवाओं और फॉर्मूलेशन के विकास तथा अनुसंधान को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे बिहार के फार्मास्युटिकल उद्योग, स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और शैक्षणिक संस्थानों को आधुनिक परीक्षण और रिसर्च सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने अधिकारियों को परियोजना से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। सरकार को उम्मीद है कि यह पहल बिहार को फार्मास्युटिकल अनुसंधान, गुणवत्ता नियंत्रण और नवाचार के क्षेत्र में एक मजबूत केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
@MUSKAN KUMARI





