कटिहार/गया। बिहार में जमीन की हेराफेरी और रजिस्ट्री कार्यालयों के रिकॉर्ड में सेंधमारी करने वाले गिरोह का नेटवर्क अब कटिहार से निकलकर गया तक पहुंच गया है। कटिहार पुलिस द्वारा हाल ही में किए गए खुलासे के बाद ठगी के शिकार लोग सामने आने लगे हैं। रिकॉर्ड रूम में छेड़छाड़ और जीरो एफआईआर की कार्रवाई ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
पुलिस जांच में यह मामला दस्तावेजों की कूटरचना और रजिस्ट्री रिकॉर्ड में बड़े पैमाने पर हेरफेर से जुड़ा माना जा रहा है। आरोप है कि भू-माफियाओं का यह गिरोह पुराने जमीन रिकॉर्ड बदलकर दोबारा रजिस्ट्री करवाता था और राजस्व कर्मियों की मिलीभगत से अवैध दाखिल-खारिज (मोटेशन) भी करा लेता था।
सूत्रों के अनुसार, कटिहार के रजिस्ट्री कार्यालय से शुरू हुआ यह खेल बिहार के कई जिलों तक फैला हुआ है। कटिहार में भू-माफियाओं की गिरफ्तारी की खबर के बाद गया जिले के कई पीड़ित भी कटिहार पहुंचे और आरोप लगाया कि इसी गिरोह ने उनके साथ करोड़ों रुपये की ठगी की है।

पीड़ितों ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर न्याय की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कटिहार एसपी ने जीरो एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है, जिसे आगे संबंधित जिले गया को ट्रांसफर किया जाएगा।
पुलिस अब इस पूरे सिंडिकेट के मास्टरमाइंड और रजिस्ट्री कार्यालय के उन कर्मचारियों की तलाश में जुटी है, जिन पर रिकॉर्ड रूम की सुरक्षा में सेंध लगाने और फर्जीवाड़े में मदद करने का आरोप है। जांच एजेंसियां वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुराने रजिस्टरों और दस्तावेजों की हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से जांच कराने की तैयारी कर रही हैं।
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि जांच के दायरे में आने वाले दिनों में कई और जिलों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
@MUSKAN KUMARI






