बिहार को एक और अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात मिलने जा रही है। नई ट्रेन भागलपुर को सीधे गुजरात के अहमदाबाद से जोड़ेगी। सप्ताह में एक दिन चलने वाली इस ट्रेन का परिचालन 26 अगस्त 2026 से शुरू होगा। अहमदाबाद से इसकी पहली यात्रा 26 अगस्त को, जबकि भागलपुर से वापसी सेवा 28 अगस्त को शुरू होगी।
रेलवे के अनुसार, अहमदाबाद-भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस (19423) हर बुधवार शाम 6:30 बजे अहमदाबाद से रवाना होगी और करीब 36 घंटे बाद शुक्रवार सुबह 6:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन (19424) हर शुक्रवार शाम 4:45 बजे भागलपुर से चलेगी और रविवार सुबह 5:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।
दोनों शहरों के बीच ट्रेन करीब 1,976 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस सेवा से बिहार और गुजरात के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है।

ट्रेन के प्रमुख ठहरावों में आणंद, छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, आगरा ईदगाह, टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किऊल, जमालपुर और सुल्तानगंज शामिल हैं।
अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 22 एलएचबी कोच होंगे। इनमें 11 स्लीपर, 8 सामान्य श्रेणी, एक पेंट्री कार और दो एसएलआरडी कोच शामिल होंगे।
नई ट्रेन से भागलपुर और आसपास के जिलों के यात्रियों को गुजरात के साथ-साथ राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
@MUSKAN KUMARI






