सहारनपुर। बिहार और उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना कुख्यात अपराधी लल्लन सिंह उर्फ ललन रविवार देर रात उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। हत्या, डकैती, लूट और हथियारबंद वारदातों के कई मामलों में वांछित लल्लन पर कुल 1.25 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, लल्लन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव का निवासी था। उसके खिलाफ दो दरोगाओं, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड समेत सात लोगों की हत्या के आरोप दर्ज थे। इसके अलावा एटीएम कैश वैन लूट, डकैती और अन्य संगीन मामलों में भी उसकी संलिप्तता सामने आई थी।
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था, जबकि चंदौली पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का अतिरिक्त इनाम रखा गया था।

पुलिस के मुताबिक एएसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में सरसावा-नकुड़ रोड पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्ध बदमाशों को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में लल्लन सिंह गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल लल्लन को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं लंबे समय तक अपराध की दुनिया में सक्रिय रहे इस इनामी बदमाश का अध्याय समाप्त हो गया है, हालांकि उसके नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश अभी भी जारी है।
@MUSKAN KUMARI





