बिहारशरीफ: बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर इंसानियत और मानवीय संवेदनशीलता की एक प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली। दिल्ली से अपने घर लौट रही एक गर्भवती महिला को ट्रेन में अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति गंभीर थी, लेकिन मौके पर मौजूद किन्नर समुदाय और जीआरपी (GRP) के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए महिला की मदद की और सुरक्षित प्रसव कराया।
जानकारी के अनुसार, महिला दिल्ली से बिहार लौट रही थी। यात्रा के दौरान अचानक उसकी प्रसव पीड़ा बढ़ गई। इसी बीच ट्रेन बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पहुंची। स्टेशन पर मौजूद किन्नर समुदाय के सदस्यों और जीआरपी कर्मियों ने बिना देर किए महिला की सहायता शुरू की। प्रसव की प्रक्रिया के दौरान पहले बच्चे का जन्म ट्रेन के भीतर ही हुआ।

इसके बाद महिला को सावधानीपूर्वक प्लेटफॉर्म पर उतारा गया। हालांकि प्रसव प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई थी। कुछ ही देर बाद महिला ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म परिसर में दूसरे बच्चे को भी जन्म दिया। जुड़वा बच्चों के जन्म के बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना के बाद मां और दोनों नवजातों को प्राथमिक सहायता देने के बाद बेहतर इलाज और चिकित्सकीय देखरेख के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रसूता और दोनों नवजात पूरी तरह सुरक्षित हैं।
इस पूरे घटनाक्रम में किन्नर समुदाय और जीआरपी जवानों की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय सहयोग की हर ओर सराहना हो रही है। आपात स्थिति में बिना किसी भेदभाव के जिस तरह सभी ने मिलकर महिला और नवजातों की मदद की, वह इंसानियत की एक मिसाल बन गया।
@MUSKAN KUMARI





