पश्चिम चंपारण के बगहा में कथित NEET पेपर लीक और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में बुधवार शाम सैकड़ों छात्रों ने शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला। यह मार्च अंबेडकर प्रतिमा से शुरू होकर शास्त्री नगर स्थित गांधी चौक तक पहुंचा। करीब चार किलोमीटर लंबे इस मार्च में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल नगर कांग्रेस अध्यक्ष सोहैल अहमद और कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि छात्र वर्षों की मेहनत के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक की घटनाएं उनकी मेहनत और भविष्य पर सवाल खड़े कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही ऐसी घटनाएं देश की परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को कमजोर कर रही हैं और सरकार को इसकी जवाबदेही लेनी चाहिए।

मार्च में शामिल छात्रों और कांग्रेस नेताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और भरोसेमंद बनाने की मांग की।
@MUSKAN KUMARI






