बगहा: बिहार के बगहा स्थित अत्यंत दुर्गम दोन क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 21वीं वाहिनी ने मानवीय संवेदना और त्वरित कार्रवाई की मिसाल पेश की है। सेरवा दोन गांव निवासी 46 वर्षीय कलावती देवी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद SSB के जवानों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उनकी मदद की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SSB की 21वीं वाहिनी के कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत के निर्देश पर कुमारचिनवा सीमा चौकी की टीम सक्रिय हुई। जवानों ने महिला के घर पहुंचकर पहले प्राथमिक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई।
दोन क्षेत्र के ऊबड़-खाबड़ और पथरीले रास्तों को देखते हुए महिला को SSB की विशेष 4×4 एंबुलेंस के माध्यम से सुरक्षित रूप से हरनाटांड़ स्थित कृष्णा हॉस्पिटल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने महिला का आपातकालीन उपचार शुरू किया।

दोन क्षेत्र भौगोलिक रूप से बेहद दुर्गम है और यहां आवागमन के सीमित साधन होने के कारण आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना एक बड़ी चुनौती होती है। ऐसे कठिन हालातों में SSB की 21वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय लोगों की मानवीय सहायता के लिए भी लगातार तत्पर रहती है।
SSB जवानों की इस त्वरित कार्रवाई और सेवा भावना की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। इस तरह की मानवीय पहल से ग्रामीणों का सुरक्षा बल के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।
@MUSKAN KUMARI





